शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पलसोड़ी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। – किस्मत न्यूज

किस्मत न्यूज

Latest Online Breaking News

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पलसोड़ी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

😊 Please Share This News 😊

एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विद्यालय में किया पौधारोपण

 

रिपोर्ट मनोहर मालवीय 

 

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पलसोड़ी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सहायक संचालक राहुल मंडलोई, इको क्लब जिला नोडल अधिकारी ऋतेश पंवार, जिला आईटी सेल समन्वयक मुकेश ठन्ना, प्राचार्य रतनलाल हारी एवम् इको क्लब प्रभारी रजनीश कांत चौहान ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए सहायक संचालक राहुल मंडलोई ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम अभियान” प्रकृति और संस्कृति को जोड़ने वाला एक अनोखा प्रयास है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को अपनी माँ की स्मृति और सम्मान में पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करना है। यह न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में पेड़ों के प्रति संवेदनशीलता और भावनात्मक जुड़ाव भी स्थापित करता है। मंडलोई ने कहा कि यदि हर नागरिक अपनी माँ के नाम पर एक पेड़ लगाए और उसका संरक्षण करे, तो हर घर में हरियाली और हर दिल में पर्यावरण के प्रति प्रेम जागृत होगा।

इको क्लब के जिला नोडल अधिकारी ऋतेश पंवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते पर्यावरणीय परिस्थितियों के कारण आज जलवायु परिवर्तन, तापमान वृद्धि और प्रदूषण जैसी समस्याएँ तेजी से बढ़ रही हैं। इन समस्याओं का सबसे सरल और प्रभावी समाधान पौधारोपण ही है। उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल हमें ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि मिट्टी का कटाव रोकते हैं, वर्षा लाते हैं और जीव-जंतुओं के जीवन का आधार भी बनते हैं। पंवार ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पौधों को अपने मित्र की तरह अपनाएँ और उन्हें जीवन भर सुरक्षित रखें।

जिला आईटी सेल समन्वयक मुकेश ठन्ना ने पौधारोपण से जुड़े तकनीकी पक्ष पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रोपित पौधों को राज्य स्तरीय पोर्टल पर किस प्रकार प्रविष्ट किया जाता है और किस प्रकार उनकी निगरानी एवं संरक्षण की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल माध्यम से पौधों का रिकॉर्ड रखने से उनकी संख्या, वृद्धि एवं संरक्षण की स्थिति की नियमित निगरानी करना आसान हो जाता है।

प्राचार्य रतनलाल हारी ने अपने उद्बोधन में विद्यालय परिसर की हरियाली को उसकी विशेष पहचान बताते हुए कहा कि मध्यमिक विद्यालय पलसोड़ी का वातावरण हरा-भरा बने, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत विद्यालय में विभिन्न फलदार, छायादार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया है, जिनसे भविष्य में छात्रों और समाज दोनों को लाभ मिलेगा।

इको क्लब प्रभारी रजनीश कांत चौहान ने कहा कि विद्यालय में अब तक 121 पौधे विभिन्न स्थानों पर छात्रों के माध्यम से रोपित किये गए हैं, उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा की पौधों को केवल लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए विद्यालय के छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। चौहान ने बताया कि प्रत्येक पौधे की जिम्मेदारी प्रत्येक छात्र को सौंपी गई हैं ताकि वे नियमित रूप से उसकी देखभाल करें और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाना सीखें।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएँ और ग्रामवासी भी उपस्थित रहे। सभी ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखकर उन्हें वृक्ष बनाएँगे और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएँगे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]