रतलाम15 दिवसीय यातायात जागरूकता अभियान की शुरुआत — रतलाम पुलिस ने कॉलेज परिसर में दिया सुरक्षित यातायात का संदेश. रीपोर्ट मनोहर मालवीय।
|
😊 Please Share This News 😊
|
पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर श्री राकेश खाखा के मार्गदर्शन में रतलाम जिले में 15 दिवसीय यातायात जागरूकता अभियान दिनांक 26.11.25 से 10.12.25 तक आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिले भर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, ट्रैफिक मित्र योजना, तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे राहवीर योजना, हिट एंड रन योजना एवं कैशलेस योजना का व्यापक प्रचार–प्रसार किया जा रहा है। साथ ही वाहनों के बीमा संबंधी एडवाइजरी जारी कर नागरिकों को वाहन बीमा के लाभों से भी अवगत कराया जाएगा।
इसी क्रम में आज शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रतलाम में एक व्यापक यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डीएसपी यातायात श्री आनंद सोनी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्ति की सहायता करना प्रत्येक नागरिक का मानवीय कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि ऐसी स्थिति में मदद करने वाले व्यक्ति को सरकार द्वारा राहवीर योजना के तहत ₹25,000 का पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।
श्री सोनी ने हिट एंड रन योजना तथा कैशलेस उपचार योजना के बारे में भी विस्तृत जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व एवं यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलवाई गई तथा यातायात प्रश्नावली भी हल करवाई गई, जिससे उन्हें ट्रैफिक संबंधी व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य श्री मिश्रा, कॉलेज स्टाफ, एनसीसी एवं स्काउट दल के छात्र–छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उपस्थित छात्रों ने ट्रैफिक मित्र योजना के माध्यम से यातायात पुलिस को सहयोग प्रदान करने हेतु उत्साहपूर्वक सहमति व्यक्त की।
कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र उपस्थित रहे तथा सभी ने सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था में सहयोग करने का संकल्प लिया।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

