किस्मत न्यूज़ देवास शराब ठेकेदार सुसाइड: रिश्वत के आरोपों में आबकारी अधिकारी मंदाकिनी दीक्षित निलंबित, सीएम ने की सख्त कार्रवाई_*
|
😊 Please Share This News 😊
|
किस्मत न्यूज़ देवास जिले में शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना की आत्महत्या के 28 दिन बाद एक वायरल वीडियो ने आबकारी विभाग में हड़कंप मचा दिया। वीडियो में मकवाना ने सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रिश्वत के दबाव में उन्होंने जहर खाकर सुसाइड की। इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने त्वरित एक्शन लेते हुए दीक्षित को निलंबित कर दिया।_
ओम प्रकाश मालवीय की विशेष ख़बर
_8 नवंबर को इंदौर निवासी मकवाना ने देवास के करणावद क्षेत्र में जहर पी लिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुसाइड की पुष्टि हुई, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं था। 5 दिसंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुए 10 मिनट के वीडियो में मकवाना ने दावा किया कि दीक्षित ने उनकी पांच शराब दुकानों (करणावद, चापड़ा व डबल चौकी) से प्रतिमाह 1.5 से 2 लाख रुपये रिश्वत मांगी। कुल 7.5 लाख मासिक की मांग के कारण उनका कारोबार ठप हो गया। उन्होंने बताया कि अप्रैल से ही उत्पीड़न झेल रहे थे और पहले ही 20-22 लाख रुपये दे चुके थे। वेयरहाउस से सामान न मिलने से ठेका रद्द होने का खतरा था।_
_मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा, “देवास की सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित का निलंबन एक मजबूत और जरूरी कदम है। उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के आरोपों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।” वाणिज्यिक कर विभाग ने शनिवार को सस्पेंशन आदेश जारी किया, जिसमें सोशल मीडिया व अखबारों से मिली जानकारी का हवाला दिया गया।_
_हालांकि, दीक्षित ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने 24 नवंबर को देवास एसपी को शिकायत दर्ज कराई, जिसमें मकवाना की मां संतोष बाई, भाई व एक अन्य व्यक्ति पर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगाया। एक कथित ऑडियो-वीडियो में सेटलमेंट की बातचीत का दावा भी किया गया है, लेकिन इसकी प्रामाणिकता सिद्ध नहीं हुई।_
_देवास कलेक्टर ऋतराज सिंह ने बताया, “वीडियो को संज्ञान में लिया गया है। इंदौर पुलिस में केस दर्ज है, जांच चल रही है। तथ्यों के आधार पर जिला स्तर पर कार्रवाई होगी।” कनाडा थाने में टीआई डॉ. सहर्ष यादव के नेतृत्व में जांच जारी है।_
_मकवाना का मोबाइल जब्त कर वीडियो रिकवर किया गया, लेकिन अभी कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई। मकवाना की पत्नी कविता व मां ने वीडियो पुलिस को सौंपा है।_
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

