सारनी *साइबर अपराधियों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, 24 घंटे में 11 एफआईआर दर्ज* बैतूल से अकरम खान पटेल की रिपोर्ट।
|
😊 Please Share This News 😊
|
सारनी। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम कसने के लिए बैतूल पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर 11 साइबर अपराध प्रकरण दर्ज करने के साथ ही ई-जीरो एफआईआर प्रणाली के माध्यम से 17 मामलों में कार्रवाई शुरू की है। सभी प्रकरणों को संबंधित थाना क्षेत्रों में अग्रेषित कर विधिसम्मत विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
टीआई जयपाल इवनाती ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस प्रशासन ने साइबर अपराधों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाते हुए शिकायत मिलते ही तत्काल एफआईआर दर्ज करने की बात कही है।
*ठगी के नए-नए तरीके आए सामने*
जिले में सामने आए मामलों में केवाईसी अपडेट के नाम पर ओटीपी हासिल कर ठगी, फर्जी निवेश और शेयर ट्रेडिंग ग्रुप, रिमोट एक्सेस ऐप के जरिए खाते से रकम ट्रांसफर, बिजली कनेक्शन काटने की धमकी, फर्जी कस्टमर केयर कॉल और क्यूआर कोड स्कैन कराकर पैसे डेबिट कराने जैसे तरीके शामिल हैं।
*हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत दें सूचना*
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने कहा कि ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर सूचना देने से राशि होल्ड होने की संभावना बढ़ जाती है। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी लालच, दबाव या धमकी में आकर अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
पुलिस ने नागरिकों से www.cybercrime.gov.in� पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराने की अपील करते हुए सतर्कता को ही साइबर सुरक्षा का सबसे बड़ा हथियार बताया है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

