उज्जैन *मराठी भाषा गौरव दिवस पर ‘मराठी की गूंज’ कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान* प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय माधव महाविद्यालय, उज्जैन में कुसुमाग्रज एवं स्व. डॉ. अपर्णा अशोक जोशी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। – किस्मत न्यूज

किस्मत न्यूज

Latest Online Breaking News

उज्जैन *मराठी भाषा गौरव दिवस पर ‘मराठी की गूंज’ कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान* प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय माधव महाविद्यालय, उज्जैन में कुसुमाग्रज एवं स्व. डॉ. अपर्णा अशोक जोशी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

😊 Please Share This News 😊

उज्जैन। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय माधव महाविद्यालय, उज्जैन में मराठी भाषा गौरव दिवस के उपलक्ष्य में ‘‘मराठी की गूंज’’ शीर्षक से गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन मराठी भाषा को विपुल साहित्य प्रदान करने वाले वि. वा. शिरवाडकर (कुसुमाग्रज) तथा मराठी विभाग की पूर्व विभागाध्यक्षा स्वर्गीय डॉ. सौ. अपर्णा अशोक जोशी की स्मृति को समर्पित रहा।

 

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में श्री अशोक जोशी उपस्थित रहे। शासकीय संस्कृत महाविद्यालय, इंदौर की पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. लीला मोरे तथा विभाग के पूर्व छात्र-छात्राओं ने कुसुमाग्रज की कविताओं का भावपूर्ण पाठ कर उन्हें आदरांजलि दी। साथ ही स्व. डॉ. अपर्णा जोशी से जुड़े प्रसंगों और उनकी रचनाओं का वाचन कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

 

मुख्य वक्ता के रूप में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस अटल बिहारी वाजपेई महाविद्यालय, इंदौर के मराठी विभाग के प्राध्यापक डॉ. ज्ञानेश्वर तिखे ने कुसुमाग्रज की सुप्रसिद्ध मराठी कविता “कणा” (जिसका हिंदी अर्थ ‘रीढ़ की हड्डी’ है) का भावार्थ प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि मराठी भाषा के शब्दों में अद्भुत संवेदनात्मक शक्ति और जीवनदर्शन की गहराई निहित है। उन्होंने यह भी बताया कि इस कविता का हिंदी अनुवाद प्रख्यात कवि गुलजार द्वारा “रीढ़ की हड्डी” शीर्षक से किया गया है, जिसका काव्यपाठ भी प्रस्तुत किया गया।

 

डॉ. लीला मोरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि सभी भाषाएं समान रूप से सम्माननीय हैं। मराठी भाषा मधुर, मीठी और अमृततुल्य है। उन्होंने संत ज्ञानेश्वर के उद्गारों का विश्लेषण करते हुए कहा कि कुसुमाग्रज का साहित्य अत्यंत समृद्ध है, जो जीवन के प्रत्येक पक्ष को अभिव्यक्त करता है। उन्होंने मातृभाषा के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी भाषाओं के सम्मान की बात कही।

 

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. कल्पना वीरेंद्र सिंह ने अध्यक्षीय उद्बोधन में मराठी विभाग द्वारा आयोजित इस सार्थक कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम में चित्रकला विभागाध्यक्ष डॉ. अल्पना उपाध्याय, उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. ज़फ़र मेहमूद, दर्शन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. शोभा मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

विचाराभिव्यक्ति के क्रम में सुचित्रा पंडित, रविन्द्र अयाचित, दिनेश क्षीरसागर, डॉ. महेंद्र गोरे, डॉ. नेत्रा रावणकर तथा प्रोफेसर राधेश्याम भील ने अपने विचार व्यक्त किए।

 

कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजश्री राजेन्द्र जोशी ने किया। अतिथियों का परिचय एवं स्वागत डॉ. शैलजा साबले द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन मोहन सिंह मुजाल्दा ने किया।

 

इस अवसर पर मराठी विभाग की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया गया। विभाग की पूर्व छात्रा श्रीमती राजश्री जोशी ने संस्कृत विषय में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। वहीं पूर्व छात्र श्रेयस कवडे ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा मराठी विषय में सहायक प्राध्यापक पद की परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।

 

कार्यक्रम के अंतर्गत “मराठी भाषेचे जतन आणि संवर्धन” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में गरिमा वाल्वेकर प्रथम, कुमारी प्रिंसी द्वितीय तथा सरिता ठाकरे तृतीय स्थान पर रहीं।

 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत मराठी नृत्य ‘लेजीम’ की आकर्षक प्रस्तुति रचना, माही प्रजापति, कृतिका, मुस्कान, अनिल जोगचंद एवं आदित्य प्रजापत द्वारा दी गई। यह प्रस्तुति मराठी विषय के सहायक प्राध्यापक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के अधिकारी प्रोफेसर राधेश्याम भील के नेतृत्व में संपन्न हुई। सभी विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विभाग एवं महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

 

कार्यक्रम ने मराठी भाषा की समृद्ध परंपरा, साहित्यिक वैभव और सांस्कृतिक गरिमा को सजीव रूप में प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों में भाषा के प्रति गर्व और सम्मान की भावना को सुदृढ़ किया।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]