रतलाम.स्कूल में पहले दिन किताब और साईकिल पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे. जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव का हुआ आयोजन।मनोहर मालवीय की विशेष ख़बर। – किस्मत न्यूज

किस्मत न्यूज

Latest Online Breaking News

रतलाम.स्कूल में पहले दिन किताब और साईकिल पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे. जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव का हुआ आयोजन।मनोहर मालवीय की विशेष ख़बर।

😊 Please Share This News 😊

रतलाम 1 अप्रैल/शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतलाम में जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मेंं विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया एवं पाठ्य पुस्तक प्रदाय की गई। विद्यार्थियों को अतिथियो द्वारा साईकिल प्रदाय की गई। कार्यक्रम स्थल पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संबोधन का लाईव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती अनीता कटारा, भोपाल से ओआईसी आरएसके श्री वैभव श्रीवास्तव, जेडी कार्यालय से सहायक संचालक क्रीड़ा श्री रामसिंह बनिहार (प्रेक्षक), जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक लोढ़ा, प्राचार्य श्री सुभाष कुमावत, डीपीसी श्री राजेश झा, योजना अधिकारी श्री जितेंद्र जोशी, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री दीपेन्द्र ठाकुर, एपीसी श्री मुकेश राठौर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री एम.एल. डामर एवं बीआरसी श्री विवेक नागर सहित अन्य शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित थे।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक लोढ़ा ने स्वागत भाषण दिया। बीआरसी श्री विवेक नागर द्वारा प्रवेशोत्सव की रूपरेखा रखी गई एवं आभार प्रदर्शन किया गया। 

 

जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि प्रवेशोत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज की जागरूकता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह अवसर हर बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का है। शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त नागरिक बनाती है। श्री उपाध्याय ने विशेष रूप से अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए हैं, जिनका लाभ हर पात्र विद्यार्थी तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा।

 

कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता प्राप्त करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासित दिनचर्या अपनाने तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहने की प्रेरणा दी। कलेक्टर ने कहा कि हर विद्यार्थी को अपने जीवन में ऐसा मुकाम हासिल करने का प्रयास करना चाहिए जिससे वह अपने परिवार, विद्यालय और जिले का नाम रोशन कर सके तथा समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बन सके।

 

नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित किया। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती अनीता कटारा ने विद्यालय को व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।

 

कार्यक्रम में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें तथा 12 विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्राचार्य श्री सुभाष कुमावत ने बताया कि विद्यालय परिवार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास शैक्षणिक, नैतिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्री आशीष दशोत्तर द्वारा किया गया।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]