*मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग भोपाल, मंगलवार, 25 मार्च, 2025*
|
😊 Please Share This News 😊
|
*”04 मामलो में संज्ञान”*
*इलाज के दौरान महिला बंदी की हुई मृत्यु।*
भोपाल शहर के गांधी नगर स्थित केंद्रीय जेल में एनडीपीएस एक्ट में बंद एक महिला बंदी की इलाज के दौरान अस्पताल में मृत्यु होने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ब्रेन कैंसर की बीमारी के कारण महिला बंदी को इलाज के लिये जेल से एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब एक सप्ताह तक चले इलाज के बाद महिला बंदी की मृत्यु हो गई। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने अधीक्षक,केंद्रीय जेल, भोपाल से मामले की जांच कराकर विहित प्रारूप में प्रतिवेदन दो माह में मांगा है।
*स्कूल परिसर की बाउंड्रीवाल टूटी होने से असामाजिक तत्वों एवं मवेशी का लगा रहता जमावड़ा, सुरक्षा इंतजाम भी नहीं।*
भोपाल शहर के आनंद नगर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला हथाईखेड़ा में स्कूल परिसर की बाउंड्रीवाल टूटी होने से स्कूल के मैदान में आये दिन असामाजिक तत्वों, नशेड़ी और मवेशी के आने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्कूल में 115 बच्चे अध्ययनरत हैं और स्कूल परिसर में ही हॉस्टल भी है, जहां 100 से अधिक बच्चे रहते है। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित है। स्कूल में रोजाना 250 से अधिक छात्र सहित स्टाफ आता है, लेकिन स्कूल परिसर की सुरक्षा के लिये बाउंड्री नहीं बने होने से वहां नशेड़ी और मवेशी घुस आते है। असामाजिक तत्वों द्वारा मैदान में बैठकर शराब पी जाती है और शराब की बोतल फोड़कर वहीं फेंक दी जाती है। इस कारण बच्चों और स्टाफ की सुरक्षा और जान को खतरा बना हुआ है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, भोपाल, पुलिस कमिश्नर, भोपाल, जिला आबकारी अधिकारी, भोपाल तथा जिला शिक्षा अधिकारी, भोपाल से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।
*शादी का झांसा देकर नर्सिंग छात्रा से किया दुष्कर्म।*
ग्वालियर जिले में एक नर्सिंग छात्रा के साथ एक युवक द्वारा शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हजीरा थाने में शिकायत लेकर पहुंची पीड़ित छात्रा का कहना है वह मुरैना के एक नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही है, करीब एक साल पहले उसकी दोस्ती सबलगढ़ निवासी एक युवक से हुई, और शादी का झांसा देकर युवक उसके साथ यौन शोषण करता रहा। और गर्भवती होने पर जब उसने शादी का कहा तो आरोपी युवक शादी से इंकार करते रहा। और आरोपी के जीजा ने बात करने के बहाने बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म भी किया और इसके बाद मेरा जबरन गर्भपात भी करवा दिया। पीडिता ने पुलिस थाने में जाकर आरोपी युवक और उसके जीजा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक, मुरैना से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।
*दातुन तोड़ने गए बालक पर तेंदुए का हमला, 13 टांके आये।*
अलीराजपुर जिले के नानपुर क्षेत्र के ग्राम सोलिया के काला दगड़ा फलिया में एक 16 वर्षीय बालक पर तेंदुए के हमला करने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बालक अपने घर से थोड़ी दूर नीम के पेड़ से दातुन लेने गया था, तभी अचानक उस पर तेंदुए ने हमला कर दिया और हमले में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद बालक को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे 13 टांके आये है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने डीएफओ, अलीराजपुर से मामले की जांच कराकर पीड़ित बालक के निशुल्क प्रभावी इलाज तथा शासन की योजना अनुसार देय आर्थिक मुआवजा राशि के संबंध में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

