*मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग भोपाल, गुरूवार, 12 जून, 2025*
|
😊 Please Share This News 😊
|
*”08 मामलो में संज्ञान”*
*न बैरा जांच हो रही, न सर्टिफिकेट बन रहे, मरीज एवं दिव्यांग विद्यार्थी परेशान*
भोपाल शहर के हमीदिया अस्पताल में मरीजों को बैरा टेस्ट (ब्रेनस्टेम इवोवड रिस्पांस ऑडियोमेट्री टेस्ट) की सुविधा नहीं मिलने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हमीदिया अस्पताल में नियमित ऑडियोलॉजिस्ट और स्पीच थेरेपिस्ट की नियुक्ति नहीं होने से मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। साथ ही दिव्यांग अभ्यार्थियों को सर्टिफिकेट बनवाने के लिये दूसरे शहरों में भटकना पड़ रहा है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने प्रमुख सचिव, स्वास्थ्य विभाग, मंत्रालय, भोपाल एवं डीन गांधी मेडिकल कॉलेज, (हमीदिया अस्पताल) भोपाल से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।
*दो बीघा जमीन के लिये बुजुर्ग को देनी पड़ी जान*
इंदौर जिले में कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान अपनी शिकायत लेकर पहुंचे एक बुजुर्ग आवेदक द्वारा जहरीला पदार्थ पीने से उनकी मृत्यु होने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक बुजुर्ग आवेदक पिछले एक वर्ष से अपनी ही जमीन पर कब्जा पाने के लिये दफ्तरों के चक्कर काट रहे थे, लेकिन कोई भी सुनवाई एवं कार्यवाही नहीं होने के कारण और उससे परेशान होकर बीते मंगलवार को बुजुर्ग आवेदक ने जनसुनवाई के दौरान जहरीला पदार्थ पी लिया। उसके कुछ ही घंटो बाद उनकी मृत्यु हो गई। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, इंदौर से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।
*पांच वर्षीय बच्ची से किया दुष्कर्म, आरोपी फरार*
भिंड जिले के गोरमी थानाक्षेत्र में पांच वर्षीय बच्ची से एक युवक द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक युवक पीडित बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची ने घर जाकर अपनी मां को सारी बात बताई, इसके बाद परिजन तुरंत बच्ची को लेकर पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक, भिण्ड से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।
*टीका लगने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने से हुई मृत्यु*
टीकमगढ़ जिले के वार्ड क्रमांक-9 में टीकाकरण के बाद तीन महीने के एक बच्चे की तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मृत्यु होने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अपने तीन माह के बच्चे को उसके पिता आंगनबाड़ी केंद्र पर टीका लगाने पहुंचे। इसके आठ दिन बाद बच्चे की हालत अचानक खराब हो गई और वह बेहोश हो गया। परिजनों द्वारा बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने सीएमएचओ, टीकमगढ़ से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।
*चिलचिलाती धूप में बच्चे, बूढे़ और महिलाएं पानी के लिये कर रहे जद्दोजहद*
मंडला जिले के जनपद पंचायत के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र मनेरी से लगे ग्राम पंचायत पोड़ी में भीषण जल संकट होने के कारण ग्रामीणों को परेशान होने का मामला सामने आया है। साथ ही जल संकट के कारण लगभग एक दर्जन मवेशियों के मृत्यु भी हुई है। गांव में मौजूद हैंडपंप सूख गये है और पानी का ओर कोई जरिया नहीं होने से वहां के ग्रामीणों को कई कि.मी. दूर से पानी लाना पड़ता है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर एवं कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, मंडला से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।
*पीडिता बोल रही- मेरा गैंगरेप हुआ, लेकिन पुलिस ने दर्ज की छेड़छाड़ की एफआईआर*
रीवा जिले के गांधी मेमोरियल अस्पताल में एक किशोरी के साथ हुये गैंगरेप में पुलिस द्वारा आरोपी युवको के खिलाफ छेड़छाड़ करने की एफआईआर दर्ज करने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीडित लड़की का कहना है कि अस्पताल में वार्ड बॉय और चार अन्य लोगों द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किया गया। लेकिन पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अस्पताल में छेड़खानी को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। जबकि आरोपी ने दुष्कर्म कर अस्पताल के गेट पर छोड़कर भाग गये थे। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक, रीवा से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।
*09 माह की गर्भवती पत्नी को अस्पताल लेकर पहुंचा पति, नर्स ने देखने से किया मना*
दमोह जिले के उप स्वास्थ्य केंद्र रनेह में स्टाफ नर्स द्वारा एक 09 माह की गर्भवती पत्नी का चेकअप करने से इनकार करने और पति द्वारा इसकी शिकायत करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उप स्वास्थ्य केंद्र में अपनी 09 माह की गर्भवती पत्नी का चेकअप कराने पहुंचे युवक को स्टाफ नर्स ने पहले महिला का चेकअप करने से इनकार कर दिया। पति ने जब इसकी शिकायत की तो स्टाफ नर्स ने उसके साथ मारपीट की और गाली-गलौज करने लगी। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं सीएमएचओ, दमोह से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।
*एंबुलेंस की स्पीड बढ़ाने चालक ने मांगी रिश्वत*
बुरहानपुर जिले के नेपानगर के ग्राम सातपायरी में एक युवक द्वारा जहरीली दवा पीने के बाद उसके इलाज के लिये 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजे जाने के दौरान एंबुलेंस चालक ने स्पीड बढ़ाने के नाम पर युवक के परिजन से 400 रूपये की रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर एवं सीएमएचओ, बुरहानपुर से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्ताह में मांगा है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

