बैतूल *शानदार रिकार्ड के साथ नए आयाम देने के लिए तत्पर* *पीएम श्री एमएलबी स्कूल बैतूल में हुआ जेईई तथा नीट की नि:शुल्क कक्षाओं का शुभारंभ* अकरम खान पटेल की रिपोर्ट।
|
😊 Please Share This News 😊
|
बैतूल। पीएम श्री एमएलबी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जेईई और नीट की निशुल्क कोचिंग 2026 का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र वरकडे एवं लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल से पधारे सहायक संचालक सुरेंद्र सोलंकी के द्वारा किया गया। कोचिंग में अध्ययन के लिए बैतूल विकासखंड के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं। कोचिंग में शासकीय विद्यालय में अध्यापन कर रहे शिक्षक-शिक्षिकाओं के द्वारा अध्यापन एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र वरकडे ने कहा कि अपनी तैयारी में रिकॉल पद्धति का उपयोग करें। जिला आईटी समन्वयक विनोद पडलक और कोचिंग प्रभारी प्राचार्य नीलेश्वर कालभोर ने कहा कि सीमित संसाधन एवं सीमित समय में लगन पूर्वक तैयारी करें तो सफलता अवश्य मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक हीरेंद्र शुक्ला ने किया। इस मौके पर जिला स्तरीय समिति के सभी सदस्य, बैतूल विकासखंड के कोचिंग प्रभारी संजय निरापुरे एवं एमएलबी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य भालचंद पांडे, एमएलबी स्कूल की जेईई तथा नीट प्रभारी शिक्षिका सिंधु सरनेकर उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी एवं सीईओ अक्षत जैन के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग तथा जनजाति कार्य विभाग के सभी विकासखण्डो में जेईई तथा नीट की निशुल्क कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
*कोचिंग का शानदार रिकार्ड रहा है*
यह कोचिंग सर्वप्रथम जिले मे 2023 से संचालित की गई है, जिसमें जेईई तथा नीट में 95, 2024 में 85, 2025 में 103 एवं इस वर्ष प्रथम अटेम्प्ट में 71 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। अभी जेईई दूसरा प्रयास की परीक्षाएं बाकी हैं। इस नि:शुल्क कोचिंग का लाभ उठाकर बहुत से विद्यार्थी देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग तथा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पा चुके है।
*जरूरतमंदों के लिए सुनहरा अवसर*
शासकीय विद्यालयों में अध्यनरत विद्यार्थियों के ऐसे पालक जो अपने बच्चों की बड़ी कोचिंग की फीस नहीं दे पा रहे हैं या अपने बच्चों को बड़े शहरों में बाहर नहीं भेज पा रहे हैं उनके लिए भविष्य बनाने का एक अच्छा अवसर है। इस कोचिंग की सहायता से विद्यार्थी जेईई तथा नीट जैसी कठिन परीक्षा में भी अपने आपको सहज महसूस कर परीक्षा दे पाते हैं। जिला जेईई तथा नीट प्रभारी प्राचार्य नीलेश्वर कालभोर ने बताया कि सत्र के प्रारंभ से ही विज्ञान और गणित विषय से संचालित सभी हायर सेकेंडरी विद्यालयों में जेईई तथा नीट की तैयारी कराई जा रही है।
*विशेषज्ञों की बनाई टीम*
जिला स्तर पर एक पांच सदस्यीय जिला स्तरीय टीम बनाई गई है। इस टीम के मुखिया नीलेश्वर कालभोर प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल सेमझिरा है साथ ही इसमें गणित विषय के विषय विशेषज्ञ भोजराज पोटफोडे, उमेश कुमार शर्मा, घनश्याम वरवडे, भौतिक शास्त्र विषय के विषय विशेषज्ञ मदन गोपाल सूर्यवंशी है जो कि जिला स्तर पर अध्ययन सामग्री तथा टेस्ट पेपर्स को शासकीय विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की सहायता से तैयार कराते है।
*यह प्रक्रिया अपनाई जाती है*
इन विद्यालयों के जेईई तथा नीट विद्यालय प्रभारी को व्हाट्सएप के जरिए सीधे टेस्ट पेपर्स भेजे जाते हैं जिसका प्रिंट आउट निकालकर विद्यार्थियों से ओएमआर शीट पर हल कराया जाता है। इसके पश्चात समय सारणी से आंसर शीट भेजी जाती है जिसके आधार पर ओएमआर शीट का मूल्यांकन विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं द्वारा किया जाकर जिला स्तर पर डाटा संकलित किया जाता है। समय-समय पर विद्यार्थियों की प्रगति का आकलन किया जाता है। इस प्रकार विद्यार्थियों की तैयारी कराई जाती है। शाला के शिक्षक अतिरिक्त समय देकर विद्यार्थियों की कठिनाइयों को दूर करते हैं। इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं की समाप्ति के पश्चात जिले के प्रत्येक विकासखंड मुख्यालय पर कोचिंग के 10 अध्ययन केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी सेंटर पर भी शीघ्र कोचिंग प्रारंभ की जाएगी तथा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले विद्यार्थियों के लिए शासकीय विद्यालयों में अध्यापन कर रहे शिक्षक द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

