आमला का शनिवार बाजार अव्यवस्थाओं की चपेट में है, अवैध वसूली से व्यापारी और खरीदार परेशान हैं।अकरम पटेल की विशेष ख़बर. – किस्मत न्यूज

किस्मत न्यूज

Latest Online Breaking News

आमला का शनिवार बाजार अव्यवस्थाओं की चपेट में है, अवैध वसूली से व्यापारी और खरीदार परेशान हैं।अकरम पटेल की विशेष ख़बर.

😊 Please Share This News 😊

आमला । बैतूल जिले के प्रमुख साप्ताहिक बाजारों में शुमार आमला का शनिवार बाजार इन दिनों अव्यवस्थाओं और अवैध वसूली की शिकायतों के कारण सुर्खियों में है। बाजार में न तो बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं, न ही व्यवस्था का कोई ठोस प्रबंधन नजर आता है, फिर भी नगर पालिका के नाम पर मनमाने ढंग से अवैध वसूली की जा रही है।

 

5 जुलाई 2025 को सब्जी व्यापारी संघ के अध्यक्ष बृजेश राठौर, उपाध्यक्ष राजेश मानकर एवं सचिन बंटी धोटे के नेतृत्व में व्यापारियों ने आमला थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर इस संबंध में विस्तृत शिकायत दर्ज कराई।

 

ज्ञापन में कहा गया है कि आमला का शनिवार बाजार पूरे जिले में प्रसिद्ध है, किंतु मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। बाजार परिसर में जगह-जगह कीचड़ फैला रहता है, जिससे आमजन और व्यापारियों को चलने-फिरने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

 

इसके अतिरिक्त, बाजार क्षेत्र में मवेशियों का बेरोकटोक विचरण बना रहता है। आए दिन मवेशियों के आपसी संघर्ष से अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित होती है, जिससे ग्राहक और दुकानदार दोनों असहज रहते हैं। कई बार मवेशी दुकानों में घुसकर सब्ज़ी व अन्य सामान खा जाते हैं, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

 

व्यापारी गुड्डू प्रजापति ने बताया कि कुछ दिन पूर्व दो बैल आपस में लड़ते हुए उनकी किराना दुकान में घुस आए, जिससे दुकान का पर्दा फट गया और मसाले व अन्य सामग्री नीचे गिरकर खराब हो गई। इस घटना में उन्हें लगभग 10 से 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ।

 

व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि साइकिल स्टैंड और बाजार का ठेका ना होने के बावजूद कपिल राठौर और पूनम समुद्रे द्वारा जबरन वसूली की जा रही है। साथ ही, व्यापारियों व ग्राहकों से अभद्र भाषा में बात की जा रही है।

 

व्यापारी संघ ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि बाजार में तत्काल नल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, एवं सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा अवैध वसूली पर कठोर रोक लगाई जाए।

 

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा मांगें शीघ्र नहीं मानी गईं, तो व्यापारी बुधवार और शनिवार को बाजार बंद करने को बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी नगर पालिका की होगी।

 

ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष व्यापारी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से राजेंद्र, रमेश सोनपुरे, चंद्रकला, संध्या, प्रीति सोलंकी, धनराज, गोकुल, रघुराज यादव, दुर्गेश, धर्म सिंह, संगीता, गणेश, मुकेश, देवी प्रसाद, बनवारी, मंगल, लोकेश सहित अनेक व्यापारी उपस्थित थे।

इस बारे में जब नगर पालिका सीएमओ को कॉल किया तो उन्होंने कॉल नहीं उठाया। सूत्र 

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]