सोनकच्छ नप में स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 को लेकर बढ़ी चिंता* *दोपहर ड्यूटी को लेकर जारी निवेदन पत्रों का नहीं हो रहा पालन*शेख इक़बाल
|
😊 Please Share This News 😊
|
सोनकच्छ। नगर परिषद सोनकच्छ में स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों के बीच सफाई कर्मचारियों की लापरवाही एवं बेरुखी प्रशासन के लिए सिरदर्द बनी हुई है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमरदास सेनानी एवं नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा बार-बार पत्र जारी करने के बाद भी सफाई कर्मचारी दोपहर की ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हो रहे हैं। इससे परिषद में गहरी नाराजगी व्याप्त है तथा स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछले वर्षों की भाँति निराशा हाथ लगने की आशंका जताई जा रही है। ज्ञात हो कि नगर परिषद में हाल ही में अध्यक्ष महोदया द्वारा एक पत्र जारी कर सफाई कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे सुबह की शिफ्ट के अलावा दोपहर में भी ड्यूटी करें, दोनो समय में कम से कम 6 घंटे ड्युटी अवश्य करें। पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि केवल सुबह कार्य करने और दोपहर में अनुपस्थित रहने के कारण स्वच्छता सर्वेक्षण में निकाय का नकारात्मक परिणाम आने की आशंका है। अधिकारियों के अनुसार, स्वच्छता कर्मचारी दोपहर में कार्य पर उपस्थित नहीं होकर नगर को स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल लाने का सहयोग नहीं कर रहे, बल्कि अपनी उदासीनता से प्रशासनिक मशक्कत बढ़ा रहे हैं। इस स्थिति पर नगर परिषद अध्यक्ष एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि दो समय ड्यूटी करना सभी के लिए अनिवार्य है, और स्वच्छता सर्वेक्षण देश के लिए गर्व का विषय है। इसके विपरीत, नगर परिषद कार्यालय में पदस्थ अन्य कर्मचारी अपने नियमित कार्यों के साथ-साथ ट्रेंचिंग ग्राउंड एवं नदी घाटों पर सफाई अभियान चलाकर नगर को स्वच्छ बनाने में जुटे हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यदि शीघ्र ही सफाई कर्मचारियों ने अपनी लापरवाही नहीं सुधारी, तो इस बार भी नगर परिषद सोनकच्छ स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछड़ सकती है। अब देखना यह है कि नगर परिषद क्या कड़ा रुख अपनाती है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

