रतलाम *शासकीय हाई स्कूल दंतोड़िया में पृथ्वी दिवस पर जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित* रीपोर्ट मनोहर मालवीय । – किस्मत न्यूज

किस्मत न्यूज

Latest Online Breaking News

रतलाम *शासकीय हाई स्कूल दंतोड़िया में पृथ्वी दिवस पर जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित* रीपोर्ट मनोहर मालवीय ।

😊 Please Share This News 😊

रतलाम.प्रीतमनगर शासकीय हाई स्कूल दंतोड़िया में पृथ्वी दिवस के अवसर पर इको क्लब के तत्वावधान में “लाइफ फॉर मिशन” एवं “जल गंगा संवर्धन अभियान” के परिप्रेक्ष्य में विविध जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों, अभिभावकों एवं ग्रामीण समुदाय में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

 

कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राओं ने नई दिल्ली द्वारा आयोजित “हमारा प्लांट, हमारा प्लैनेट” विषयक वेबिनार में सहभागिता की। वेबिनार के माध्यम से वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा सतत विकास के उपायों की जानकारी प्राप्त की गई।

 

इसके पश्चात विद्यालय परिसर में पूर्व में लगाए गए पौधों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खरपतवार हटाए और पौधों की देखभाल की। साथ ही विद्यालय में नव स्थापित “मां की बगिया” में अंकुरित बीजों एवं सब्जियों के पौधों का अवलोकन कराया गया तथा उनके संरक्षण एवं पोषण की जानकारी विद्यार्थियों को दी गई।

 

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य ऋतेश पंवार ने पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पृथ्वी दिवस मनाने का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति वैश्विक जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदूषण, वनों की कटाई, जल संकट एवं ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याएं पृथ्वी के अस्तित्व के लिए गंभीर खतरा बन चुकी हैं। ऐसे में “लाइफ फॉर मिशन” के अंतर्गत हमें अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव लाकर पर्यावरण के संरक्षण में योगदान देना चाहिए, जैसे जल एवं ऊर्जा की बचत, प्लास्टिक का कम उपयोग, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देना।

 

इको क्लब प्रभारी वीरेंद्र कुमार कैथवास ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण मौसम चक्र में असंतुलन उत्पन्न हो रहा है। वर्षा समय पर नहीं हो रही है और तापमान में भी असामान्य परिवर्तन देखने को मिल रहा है। उन्होंने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक रहने और प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया।

 

इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित सरपंच ईश्वरलाल खराड़ी ने विद्यालय में संचालित इको क्लब की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि “पृथ्वी दिवस” जैसे आयोजनों एवं “जल गंगा संवर्धन अभियान” जैसी पहल से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ती है, जो भविष्य में समाज के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

 

वरिष्ठ शिक्षक गोपाल शर्मा ने गांव में कुओं, बावड़ियों एवं अन्य जल स्रोतों के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पारंपरिक जल स्रोतों को संरक्षित कर हम जल संकट से काफी हद तक बच सकते हैं।

 

कार्यक्रम के अंत में बद्रीलाल परमार द्वारा उपस्थित सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जल संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने जल बचाने एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

 

इस अवसर पर संस्था की शिक्षिका सीमा खरे, ईश्वरलाल मालवीय, कालुसिंह चौहान, कोमल परमार, राजेश मालीवाड, गोपाल भाभर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के साथ-साथ उन्हें प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा प्रदान की।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]

You may have missed 7869552754