• भोपाल संभागायुक्त श्री सिंह ने सीहोर के विभिन्न मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
|
😊 Please Share This News 😊
|
• राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदाता सूची के पुनरीक्षण के संबंध में की चर्चा
• प्राथमिक बीज उत्पादक सहकारी समिति धनखेड़ी का किया निरीक्षण
भोपाल संभागायुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर श्री संजीव सिंह ने सीहोर विधानसभा के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2025 कार्यक्रम अंतर्गत बीएलओ द्वारा दावा-आपत्ति (आवेदन) प्राप्त करने के कार्य का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने प्राथमिक बीज उत्पादक सहकारी समिति धनखेड़ी का भी निरीक्षण किया।
भोपाल संभागायुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर श्री सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्टैडिंग कमेटी की बैठक आयोजित कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम अंतर्गत मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, वोटर लिस्ट में संशोधन, दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नाम हटाने के लिए मतदान केन्द्रों पर बीएलओ द्वारा आफलाइन आवेदन लिए जाने के कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई। संभागायुक्त श्री सिंह ने अभी तक प्राप्त आवेदनों, वर्तमान में दर्ज मतदाताओं की संख्या, जेण्डर रेशों आदि की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी व्यस्क मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज हों। उन्होंने जेण्डर रेशो बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाली सभी महिलाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज हों, इसके लिए महिलाओं को जागरूक किया जाए। संभागायुक्त ने बैठक में उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों श्री राजकुमार गुप्ता भाजपा, श्री केके रिछारिया इंडियन नेशनल कांग्रेस तथा श्री नरसिंह भारती बसपा से भी चर्चा की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह ने फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक संयुक्त कलेक्टर श्री वंदना राजपूत, श्री आनंद सिंह राजावत, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
संभागायुक्त ने किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण
संभागायुक्त श्री सिंह द्वारा सीहोर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चांदबढ़ एवं धनखेड़ी के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर बीएलओ से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम अंतर्गत अभी तक प्राप्त आवेदनों, मतदान केन्द्र में दर्ज मतदाताओं की संख्या आदि के बारे में जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजी का भी अवलोकन किया।
प्राथमिक बीज उत्पादक सहकारी समिति धनखेड़ी का निरीक्षण
संभागायुक्त श्री संजीव सिंह ने धनखेड़ी स्थित प्राथमिक बीज उत्पादक सहकारी समिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्था के गोदाम तथा बीज प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान संभागायुक्त श्री सिहं ने जिले के किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त को जानकारी दी गई कि इस समिति की वार्षिक आय लगभग 20 लाख रूपये है। इसके साथ ही मशीन रिपेयरिंग, ग्रेडिंग से किसानों को होने वाले लाभ की भी जानकारी दी गई। संभागायुक्त श्री सिंह ने उपस्थित किसानों से चर्चा करते हुए उन्नत बीज का उपयोग तथा नवीनतम कृषि पद्धतियों का उपयोग करने के लिए कहा। उन्होंने किसानों से कहा की खेती में आ रहे बदलाव के बारे में अपडेट रहना चाहिए और खेती के दौरान कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार खाद, बीज और कीटनाशकों का उपयोग करना चाहिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला पंचायत सीईओ एवं संयुक्त कलेक्टर श्री नितिन टाले, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, उप संचालक कृषि श्री केके पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #sehore
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

