अलविदा- बब्लू कुरैशी* *कांग्रेस नेता को नम आंखों से दी अंतिम बिदाई* *तालिब हुसैन*
|
😊 Please Share This News 😊
|
जबलपुर. रमज़ान का मुकद्दस महीना..शिद्दत की गर्मी..तपा देने वाली धूप..गर्म हवाओं का दौर..लेकिन तमाम दुश्वारियों के बावजूद लोगों की भारी भीड़ कांग्रेस नेता बब्लू कुरैशी को अंतिम बिदाई देने पहुँची. जुमे को सेहरी के वक्त सुबह करीब चार बजे जैसे ही यह खबर वायरल हुई कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता, समाजसेवी और हर दिल अज़ीज़ बब्लू कुरैशी ने रज़ा ए इलाही से इस दुनियाए फ़ानी को अलविदा कह दिया है, लोग अवाक रह गए..किसी को यकीन ही नहीं हुआ है कि हमेशा हंसते रहने वाला शख्स अब हमेशा के लिए ख़ामोश हो गया है. कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर रहे बब्लू कुरैशी अपने वालिद मरहूम मुहम्मद शाहिद फ़ारूकी साहब की तरह दीनी व सामाजिक कार्यों में ख़ासा दख़ल रखते थे. सहज, सरल, मिलनसार और लोकप्रिय बब्लू भाई कौमी एकता के लिए हमेशा संघर्षरत रहे. अनेक अवसरों पर जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा उन्हें शांति व्यवस्था के लिए पुरस्कृत किया गया. मुस्लिम बहुत क्षेत्र मण्डी मदार टेकरी में उनकी चाय की दुकान में भाजपा कांग्रेस के कई दिग्गज नेता चाय की चुस्की का मज़ा ले चुके हैं. कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता दिग्विजय सिंह भी बतौर मुख्य मंत्री चाय का मज़ा ले चुके हैं. वलियों को मानने वाले बब्लू भाई
मुहर्रम, ग्यारहवीं शरीफ़, सहित कई त्योहारों पर न्याज़ का अहतिमाम करते रहे हैं. यह बात बहुत कम लोग जानते हैं कि आपको हैदराबाद के मशहूर वली हज़रत वसफ़ी मियाँ रहमातुल्लाह अलैहे ने ख़िलाफ़त दी थी. ताउम्र कौमी एकता के पैरोकार रहे बब्लू भाई को कभी किसी ने तनाव में नहीं देखा. हमेशा मुस्कुराना उनकी आदत थी, बड़े से बड़े संकट और परेशानी के दौरान भी चेहरे पर कभी शिकन नज़र नहीं आयी.
मण्डी मदार टेकरी की जामा मस्जिद के बाहर नमाज़े जनाज़ा अदा करने के बाद आपको मण्डी कब्रस्तान में ही सुपुर्दे ख़ाक किया गया. बब्लू भाई तो दुनिया से चले गए लेकिन अपने पीछे भाई चांद कुरैशी, नवाब कुरैशी, राजा बाबू, अहसान के साथ ही बेटे मोहसिन, शहज़ादे, दानिश सहित भरा पूरा परिवार रोता बिलखता छोड़ गए. दुआ है कि अल्लाह आपकी आला दर्जे पर मग़फ़रत फ़रमाए और जन्नतुल फ़िरदौस में आला मुकाम अता करे..आमीन.
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

