मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग भोपाल, मंगलवार, 25 मार्च, 2025* *”27 मामलो में संज्ञान” – किस्मत न्यूज

किस्मत न्यूज

Latest Online Breaking News

मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग भोपाल, मंगलवार, 25 मार्च, 2025* *”27 मामलो में संज्ञान”

😊 Please Share This News 😊
  •  35 मृत कर्मचारियों को जीवन बीमा निगम ने नहीं किया भुगतान

 

            भोपाल शहर के म.प्र. वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के 35 कर्मचारियों की मृत्‍यु हो जाने के बाद उनके परिजनों को भारतीय जीवन बीमा निगम से मिलने वाली मृत्‍यु लाभ राशि का भुगतान नहीं होने का मामला सामने आया है। जिसके चलते कर्मचारियों के परिजनों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कॉरपोरेशन द्वारा कर्मचारियों के पेंशन एवं ग्रेच्युटी के लिये बीमा निगम से एक पॉलिसी ली गई है, जिसमे रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को पेंशन और मृत्‍यु होने पर मृत्‍यु लाभ की राशि उनके परिजनों को दी जाती है, लेकिन अब तक कर्मचारियों के परिजनों को राशि का भुगतान नहीं हो सका है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने महाप्रबंधक/प्रबंधक निदेशक, म.प्र. वेयर हाउसिंग कारपोरेशन, भोपाल से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।

 

 मैरिज गार्डनों के पास तेज आवाज में बज रहे डीजे, छात्रों की पढ़ाई हो रही बाधित

 

            भोपाल शहर के अयोध्‍या बायपास रोड स्थित मैरिज गार्डनों में तेज आवाज में डीजे एवं साउंड बजने से स्थानीय लोगों को तेज आवाज से एवं छात्रों को परीक्षा के दौरान पढ़ाई करने में परेशानी होने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस समय विद्यार्थियों की परीक्षाएं चल रही है और मैरिज गार्डनों में तेज आवाज में डीजे एवं साउड बज रहा है और कार्यक्रम या बारात के दौरान होने वाले शोर-शराबे से लगातार स्‍थानीय लोगों को एवं बच्‍चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर एवं पुलिस कमिश्‍नर, भोपाल से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्‍ताह में मांगा है।

 

खुले में सीवेज पाइप लाइन, गंदगी से नागरिक परेशान

 

            भोपाल शहर के कोलार क्षेत्र में ललिता नगर के फाइन एवेन्‍यू फेज 01 में खुली सीवेज पाइपलाइन से सड़कों पर सीवेज का दूषित पानी बहने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कॉलोनी के रहवासियों ने नगर-निगम प्रशासन से कई बार शिकायत की है, लेकिन अब तक उनकी समस्‍या का समाधान नहीं हो पाया है। सीवेज के दूषित पानी बहने के कारण पूरे कॉलोनी में गंदगी और बदबू फैल रही है, इस कारण रहवासियों को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है एवं दूषित पानी से होने वाली गंदगी और बदबू से स्‍वास्‍थ्‍य संबंधित बीमारी होने का खतरा भी बना हुआ है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने आयुक्‍त, नगर निगम, भोपाल से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।

 

खाली प्लॉट पर डंप किया जा रहा कचरा

 

            भोपाल शहर के वार्ड-52 के अंतर्गत बावडिया कलां चौराहे के पास खाली पड़े भूखंड पर आजादी के बीचों-बीच नगर निगम द्वारा कचरा डंप किया जा रहा है। आबादी के बीच कचरा डंप होने से रहवासियों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने आयुक्‍त, नगर निगम, भोपाल से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन 10 दिनों में मांगा है।

 

करंट लगने से बिजली कर्मी की हुई मृत्‍यु

 

            खंडवा जिले के जावर में एक बिजली कर्मी की करंट लगने से मृत्‍यु होने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सावखेडा रोड स्थित ट्रांसफॉर्मर पर मेंटेनेंस के लिये बिजलीकर्मी को चढ़ा दिया। लेकिन अचानक लाइन चालू हो गई, इस कारण कर्मचारी करंट की चपेट में आ गया और उसकी मृत्‍यु हो गई। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कार्यपालन यंत्री, म.प्र. पश्चिम क्षे‍त्र विद्युत वितरण क.लि. खंडवा से मामले की जांच कराकर मृतक के उत्तराधिकारियों को शासन की योजना अनुसार देय आर्थिक मुआवजा राशि एवं दुर्घटना के लिये दोषी व्यक्तियों के विरूद्ध की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक माह में मांगा है।

 

बिना सुरक्षा साधनों के खंभे पर चढ़कर कर्मचारियों से करवाया जा रहा है विद्युत कार्य

 

ग्‍वालियर जिले के फूलबाग के पास स्थित खंभों पर लाइन शिफ्टिंग कार्य के दौरान बिजलीकर्मियों के बिना सुरक्षा साधनों एवं उपकरणों के ही खंभों पर चढ़कर विद्युत कार्य करने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा बिजली कर्मी को सुरक्षा संसाधन उपलब्ध नहीं कराये गये है। इनके हाथों में न तो ग्‍लव्‍स है और न ही सिर पर हेलमेट है। बिना सुरक्षा एवं संसाधनों के काम करने से बिजली कर्मी की जान को खतरा बना हुआ है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कार्यपालन यंत्री, म.प्र. पश्चिम क्षे‍त्र विद्युत वितरण क.लि. ग्वालियर से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।  

 

पति को जिंदा साबित करने तीन साल से दफ्तरों के चक्कर काट रही पत्नी

 

            भिंड जिले के गोहद के वार्ड नं. 08 नेहर मोहल्ला की एक महिला को अपने पति को जीवित साबित करने के लिये पिछले तीन साल से दफ्तरों के चक्कर काटना पड़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महिला के पति को सरकारी रिकॉर्ड में कर्मचारी/अधिकारियों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया, इस कारण महिला को सरकारी योजना में मिलने वाली राशि से वंचित रहना पड़ रहा है। पीडित महिला को अपने पति को जिंदा साबित करने के लिये सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटना पड़ रहा है, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, भिंड से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक माह में मांगा है।

 

खदान में नहाने गए दो युवकों की पानी में डूबने से हुई मृत्‍यु

 

            श्योपुर जिले के विजयपुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के चंदेली गांव में पानी से भरी खदान में नहाने गए दो युवकों की पानी में डूबने से उनकी मृत्‍यु होने की घटना सामने आई है। मामले में संज्ञान लेकर मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर श्योपुर से मामले की जांच कराकर मृतकों के उत्तराधिकारियों को शासन की योजना अनुसार देय आर्थिक मुआवजा राशि के संबंध में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक माह में मांगा है।

 

ट्रेन में पैसे नहीं देने पर किन्नरों ने की युवक की पीट-पीटकर कर हत्‍या

 

            विदिशा जिले के एक युवक की ट्रेन में किन्नर को पैसे न‍ही देने पर किन्‍नरों द्वारा युवक के साथ मारपीट कर उसकी हत्‍या करने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विदिशा जिले के निवासी युवक भोपाल से ट्रेन के माध्‍यम से अपने घर जा रहा था, तभी भोपाल से ट्रेन में चढे़ किन्‍नरों ने उससे पैसे मांगे। युवक ने जब पैसे देने से इंकार किया तो किन्‍नरों ने जबरन उसकी जेब में हाथ डाल दिया। जब युवक ने इसका विरोध किया तो कोच में मौजूद आठ से दस किन्‍नरों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी और उसे ट्रेन से फेंक दिया और इससे युवक की मृत्‍यु हो गई। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक (रेल) जीआरपी, भोपाल एवं पुलिस अधीक्षक, विदिशा से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।

 

प्रेमी जोड़े को पहनाई चप्पल-जूते की माला

 

            नर्मदापुरम जिले के काजरी गांव में एक प्रेमी जोड़े को पंचायत द्वारा गांव से बाहर निकाल देने एवं दोनों से एक-दूसरे को जूते-चप्‍पल की माला पहनाने का मामला सामने आया है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक, नर्मदापुरम से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।

 

जंगली सुअर के हमले में किसान घायल

 

            बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र के ग्राम सावरी में अपने खेत में सिंचाई कर रहे एक किसान पर जंगली सुअरों के हमला करने की घटना सामने आई है। हमले के बाद किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास के किसान मदद के लिये पहुंचे और किसानों ने जंगली सूअरों को भगया। हमले में घायल हुये किसान को जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने डीएफओ, बैतूल से मामले की जांच कराकर पीड़ित व्यक्ति के निशुल्क प्रभावी इलाज एवं शासन की योजना अनुसार आर्थिक मुआवजा राशि के संबंध में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्ताह में मांगा है।

 

डैम में नाव पलटने से सात लोग हुये लापता

 

            शिवपुरी जिले के माताटीला डैम में नाव पलटने से सात लोगों के लापता होने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डैम के बीच टापू बने मंदिर में नाव में सवार 15 लोग फाग होली खेलने जा रहे थे, तभी अचानक डैम में नाव पलट गई, और सात से ज्यादा लोग डूबकर लापता हो गये। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर शिवपुरी से मामले की जांच कराकर दुर्घटना में लापता सात व्यक्तियों की मृत्‍यु पानी में डूबने के परिणामस्वरूप होने की स्थिति में उनके उत्तराधिकारियों को शासन की योजना अनुसार देय आर्थिक मुआवजा राशि के संबंध में प्रतिवेदन एक माह में मांगा है।

 

नौ साल के मासूम बच्चे पर तेंदुए ने किया हमला

 

            श्‍योपुर जिले के विजयपुर इलाके के उमरी कला गांव में एक नौ साल के मासूम बच्‍चे पर तेंदुए के हमला करने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मासूम बच्‍चा अपने घर के आगन में खेल रहा था, तभी अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान तेंदुए ने बच्‍चे को अपने जबड़े में दबाये रखा। इसके बाद बच्‍चे की चीख-पुकार सुनकर बच्‍चे की मां बाहर आई और मासूम बच्‍चे की मां ने तेंदुए का सामना किया और अपने बच्‍चे को तेंदुए के जबड़े से छुड़ाया। तेंदुए के हमले में मासूम बच्‍चे को गंभीर चोटें आई है। परिजनों ने मासूम बच्‍चे को इलाज के‍ लिये अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका ईलाज जारी है। मामले में संज्ञान लेकर मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने डीएफओ, श्‍योपुर से मामले की जांच कराकर पीडित बालक के निशुल्‍क प्रभावी इलाज, देखभाल एवं शासन की योजना अनुसार देय आर्थिक मुआवजा राशि के संबंध में प्रतिवेदन एक माह में मांगा है।

 

क्रेन का डाला टूटा, दो की हुई मृत्‍यु

 

            बुरहानपुर जिले के ग्राम बसाली में कुआं गहरा करते समय क्रेन मशीन का डाला टूटने से दो मजदूरों की मृत्‍यु होने की घटना सामने आई है। अन्‍य दो मजदूर घायल भी हुये है, जिन्‍हें गंभीर हालत में जिला अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मजदूर 33 फीट गहरे कुएं की सफाई कार्य रहे थे, काम के बाद चार मजदूर एक एक साथ क्रेन के डाले में बैठकर ऊपर आ रहे थे, तभी तार से बाधा डाला टूट गया, जिसमें दो मजदूर की मृत्‍यु हो गई एवं अन्‍य दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्‍टर, बुरहानपुर एवं जिला श्रम अधिकारी, बुरहानपुर से मामले की जांच कराकर मृतकों के उत्तराधिकारियों को देय आर्थिक मुआवजा राशि, घायलों के निशुल्‍क प्रभावी इलाज एवं आर्थिक मुआवजा राशि और घटना के संबंध में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्‍ताह में मांगा है।

 

गर्भवती को भूखा रख तीन दिन तक टाला ऑपरेशन, मृत जन्‍मा बच्‍चा

 

            शाजापुर जिले के जिला चिकित्सालय में एक शिशु की गर्भ में ही मृत्‍यु होने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डॉक्टर ने प्रसूता महिला की डिलीवरी करने के लिये उसे कुछ नहीं खाने का कहा। लेकिन डॉक्‍टर ने प्रसूता का तीन दिन तक ऑपरेशन नहीं किया और परिजनों द्वारा बार-बार बोलने पर भी वह ऑपरेशन टालती रही। तीन दिन बीतने के बाद जब प्रसूता का दर्द बढ़ा तो परिजनों ने कलेक्टर को फोन कर स्थिति के बारे में बताया और फिर जाके प्रसूता की डिलीवरी हो पाई। किंतु बच्चा मृत अवस्‍था में मिला। परिजनों का आरोप है कि डॉक्‍टर की लापरवाही के चलते बच्‍चे की मृत्‍यु हुई है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने सीएमएचओ, शाजापुर से मामले की जांच कराकर प्रतिवेदन, मय इलाज/प्रसव संबंधी दस्तावेजों की प्रतियों के संबंध में तीन सप्ताह में जवाब मांगा है।

 

 वार्मर में जली बच्ची

 

            सागर जिले के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के पीआईसीयू में भर्ती डेढ़ साल की बच्‍ची की मृत्‍यु होने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बच्‍ची को निमोनिया के इलाज के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पीआईसीयू में बच्‍ची का एक पैर वार्मर से जल गया। इसके बाद नर्सिंग स्टाफ द्वारा पैर में पट्टी बांध दी गई। इस संबंध में बच्ची के परिजनों का आरोप है कि वार्मर की लापरवाही के चलते बच्‍ची का पैर जल गया। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने अधीक्षक, बुंदेलखंड, मेडिकल कॉलेज अस्पताल, सागर से मामले की जांच कराकर मृतक के अस्पताल में भर्ती किये जाने से अंतिम समय तक के इलाज संबंधी अभिलेख की प्रि‍तयों सहित प्रतिवेदन तीन सप्‍ताह में मांगा है।

 

बाघ ने हमला कर चरवाहे की जान ली

 

            उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के परिक्षेत्र पनपथा क पलझा बीट में बकरी चराने गये एक चरवाहे पर बाघ के हमले करने से चरवाहे की मृत्‍यु होने की घटना सामने आई है। मामले में संज्ञान लेकर मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने डीएफओ, उमरिया से मामले की जांच कराकर मृतक के उत्तराधिकारियों को शासन की योजना अनुसार देय आर्थिक मुआवजा राशि के संबंध में की गई कार्यवाही प्रतिवेदन एक माह में मांगा है।

 

भालू ने किया बच्‍ची पर हमला, आंख और चेहरे पर आई गंभीर चोट

 

            रीवा जिले के संजय टाइगर रिजर्व वन्य परिक्षेत्र से सटे भनखडिया गांव में एक 10 वर्षीय बच्‍ची पर भालू के हमला करने की घटना सामने आई है। भालू के हमले से बच्‍ची को गंभीर चोटे आई है। उसे परिजनों ने गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने डीएफओ, रीवा से मामले की जांच कराकर पीडित बालिका के निशुल्‍क प्रभावी इलाज, देखभाल एवं सुरक्षा तथा शासन की योजना अनुसार उसे देय आर्थिक मुआवजा राशि के संबंध में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक माह में मांगा है।

 

 जच्‍चा-बच्‍चा असुरक्षित, जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड में घूमते कुत्‍ते, बड़ घटना होने का खतरा

 

            गुना जिले के जिला अस्‍पताल के प्रसूता वार्ड में अव्‍यवस्‍थाओं और लापरवाही होने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अस्पताल के प्रसूता वार्ड में रात के समय आवारा कुत्‍ते बेरोकटोक घूमते नजर आ रहे है। वार्ड में कोई सुरक्षा गार्ड भी मौजूद नही है, इस कारण महिलाओं एवं नवजातों की जान का खतरा बना हुआ है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने सीएमएचओ, गुना से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन 15 दिनों में मांगा है।

 

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला की हुई मृत्‍यु

 

            शहडोल जिले के जैतपुरके तितरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मृत्‍यु होने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महिला अपने खेत में काम करने गई थी, तभी अचानक ओले गिरने से वह अपने खेत में बनी झोपड़ी में आ गई, इसी दौरान झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे महिला की मौके पर ही मृत्‍यु हो गई। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर शहडोल से मामले की जांच कराकर मृतका के उत्तराधिकारियों को शासन की योजना अनुसार देय आर्थिक मुआवजा राशि के संबंध में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक माह में मांगा है।

 

गांव में ब्‍लैक आउट, ग्रामीण हो रहे परेशान

 

            बैतूल जिले के भैंसदेही जनपद पंचायत के जामुलनी पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम पाटोली में विगत एक सप्‍ताह से ब्‍लैक आउट की स्थित होने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विगत सात दिन पहले बिजली ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया था, जिसे सुधारने के लिये ग्रामीणों ने कई बार बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन ट्रांसफॉर्मर को सुधारने या बदलने पर कोई ध्‍यान नहीं दे रहा है, इस कारण पूरे गांव में बिजली नहीं होने से रात के समय ग्रामीणों को अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है। साथ परीक्षा का समय होने से बच्‍चों को अंधेरे में पढ़ाई करनी पड़ रही है। मामले में संज्ञान लेकर मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कार्यपालन यंत्री, म.प्र. पूर्वी क्षेत्र विद्युत क.लि., बैतूल से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन 10 दिनों में मांगा है।

 

बिजली के तारों से निकली चिंगारी, खड़ी फसलें जली

 

            सीहोर जिले के जावर समीपस्थ ग्राम कान्याखेड़ी में अचानक बिजली के तारों के टकराने से चिंगारी निकलने के कारण खेत में खड़ी फसलों के जलने का मामला सामने आया है। मामले में संज्ञान लेकर मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, सीहोर एवं कार्यपालन यंत्री, म.प्र. मध्‍यक्षेत्र विद्युत वि.क.लि., सीहोर से मामले की जांच कराकर पीडितों को देय आर्थिक मुआवजा राशि के संबंध में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्‍ताह में मांगा है।

 

  खंभे से झुलता बिजली के तार से कंरट लगने से भाई-बहन की हुई मृत्‍यु

 

            जबलपुर जिले के सुरैया टोला गांव में खेत के आसपास घूम रहे जानवरों को भगाने गये सगे भाई-बहन की खेत किनारे लगे बिजली खंभे से झुलते तारों से कंरट लगने से दोनों की मृत्‍यु होने की घटना सामने आई है। मृतकों के परिजनों का आरोप है कि बिजली विभाग से शिकायत करने के बावजूद अब तक खंभे से झुलते बिजली तारों को नहीं हटाया गया है, इस कारण दोनों भाई-बहन की मृत्‍यु हो गई है। मामले में संज्ञान लेकर मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कार्यपालन यंत्री, म.प्र. पूर्वी क्षेत्र विद्युत वि.क.लि., जबलपुर से मृतकों के उत्तराधिकारियों को देय आर्थिक मुआवजा तथा घायल बच्‍चें के इलाज एवं आर्थिक मुआवजा राशि के संबंध में प्रतिवेदन तीन सप्‍ताह में मांगा है।

 

 वन विभाग की टीम पर रेत माफिया ने किया हमला

 

            मुरैना जिले के अंबाह में वन विभाग की टीम के गश्‍त करने के दौरान रेत माफिया द्वारा वन विभाग की टीम पर हमला करने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वन रेंज ऑफिसर एसएएफ के दो जवानों और अपने स्टाफ के साथ गश्‍त पर थे। इसी दौरान रेत माफिया के लोगों ने पहले टीम के सामने अपनी बाइक गिराई, इससे टीम रूक गई और रेत माफिया लोगों ने वन विभाग की टीम पर डंडे और लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। मामले में संज्ञान लेकर मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक, मुरैना से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्‍ताह में मांगा है।

 

गेंद खेलते समय कुंए में गिरा बच्‍चा

 

            बैतूल जिले में खेत में बने बिना मुंडेर के कुएं में गिरने से एक मासूम बच्‍चे की मृत्‍यु होने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार चार साल का मासूम बच्‍चा बड़गीखुर्द के खेत में खेल रहा था, इसी बीच गेंद कुएं के पास पहुंची, और गेंद पकड़ने के लिए वह पीछे दोड़ा और इसी दौरान कुएं में गिर गया और कुएं में डूबने से उसकी मृत्‍यु हो गई। मामले में संज्ञान लेकर मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्‍टर, बैतूल से मामले की जांच कराकर कुएं मे डूबकर मृत चार वर्षीय बालक के उत्तराधिकारियों को शासन की योजना अनुसार देय आर्थिक मुआवजा राशि के संबंध में प्रतिवेदन तीन सप्‍ताह में मांगा है।

 

जांच करने गये पुलिसकर्मियों पर लोगों ने किया हमला

 

            शहडोल जिले के बुधहर थाना अंतर्गत ईरानी मोहल्ला में विगत दिवस ज्‍वैलर्स पर हुई फायरिंग के मामले में जांच करने गई पुलिस की टीम पर महिलाओं समेत कुछ लोगों द्वारा मारपीट कर हमला करने की घटना सामने आई है। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुये है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक, शहडोल से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्‍ताह में मांगा है।

 

 अपराधियों ने पुलिस टीम पर किया हमला

 

            मऊगंज जिले में हनुमान पुलिस थाने अंतर्गत अपराधियों द्वारा पुलिस टीम पर लाठियों से हमला करने की घटना सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हनुमान क्षेत्र में प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप की बड़ी खेप सप्लाई की जा रही है। इसकी सूचना मिलने पर हनुमान थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इस बीच कोरेक्स सिरप की खेप की तस्करी में शामिल अपराधियों के एक समूह ने पुलिस टीम पर लाठियों से जानलेवा हमला करते हुये उन पर पथवार करने लगे। साथ ही पुलिस टीम का वाहन तथा एक एसयूवी भी लूट ली। हमले में कई पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई है और कई गंभीर रूप से जख्‍मी भी हुये है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने पुलिस अधीक्षक, मऊगंज से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्‍ताह में मांगा है।

 

 *****

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]

You may have missed 7869552754