बैतूल.सिकल सेल के जड़ से उन्मूलन के लिए जनभागीदारी जरूरी : राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल. ———– बेटियों की शिक्षा, जनजातीय विकास और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का किया आह्वान. ——– राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन-2047 कार्यक्रम में हुए शामिल. अकरम खान पटेल की रिपोर्ट।
|
😊 Please Share This News 😊
|
बैतूल.20 मई,2026/ राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया जैसी गंभीर आनुवांशिक बीमारी को जागरूकता, समय पर जांच और व्यवस्थित उपचार के माध्यम से नियंत्रित एवं समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में यह बीमारी माता-पिता से बच्चों तक पहुंच जाती है, लेकिन समय रहते जांच कराने और स्वास्थ्य सावधानियां अपनाने से इसके प्रसार को रोका जा सकता है।
राज्यपाल श्री पटेल बुधवार को भीमपुर में आयोजित राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन-2047 कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जनजातीय मामले श्री दुर्गादास उईके, उपाध्यक्ष जन अभियान परिषद श्री मोहन नागर, विधायक भैंसदेही श्री महेंद्र सिंह चौहान, विधायक घोड़ाडोंगरी श्रीमती गंगाबाई उईके, सदस्य अनुसूचित जनजाति आयोग श्री मंगल सिंह धुर्वे, आयुक्त नर्मदापुरम श्री श्रीकांत बनोठ, पुलिस महानिरीक्षक श्री मिथलेश कुमार शुक्ला, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्री हंसराज धुर्वे, अध्यक्ष जनपद पंचायत भीमपुर श्री भैयालाल इरपाचे , उपाध्यक्ष जनपद पंचायत भीमपुर श्रीमती प्रेमलता कास्दे , सरपंच ग्रामपंचायत भीमपुर श्री मानसिंह नर्रे तथा कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि बैतूल जिले में सिकल सेल बीमारी के उन्मूलन के लिए सराहनीय कार्य किया जा रहा है। यह बीमारी विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में बच्चों, युवाओं और माताओं को प्रभावित करती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को सिकल सेल मुक्त बनाने का संकल्प लिया है और उसी दिशा में यह अभियान एक मजबूत कदम है।
उन्होंने कहा कि भीमपुर में स्थापित नई जांच मशीन से अब क्षेत्र के लोगों की शीघ्र जांच हो सकेगी और समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि जिले में सिकल सेल उन्मूलन अभियान के अंतर्गत अब तक 8 लाख 62 हजार 332 हितग्राहियों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। जिले में 1681 सिकल सेल डिजीज मरीज तथा 7162 सिकल सेल कैरियर मरीज चिन्हित किए गए हैं। इसके साथ ही 24 हजार 993 गर्भवती महिलाओं की भी सिकल सेल जांच की गई है।
राज्यपाल श्री पटेल ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि विवाह से पूर्व लड़का और लड़की दोनों के स्वास्थ्य कार्ड का मिलान अवश्य किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी में सिकल सेल डिजीज न हो। उन्होंने सिकल सेल से प्रभावित मरीजों से नियमित उपचार कराने और संतुलित जीवनशैली अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि एलोपैथी, आयुर्वेद और होम्योपैथी में भी उपचार उपलब्ध हैं। उन्होंने तैलीय एवं बाहर के भोजन से बचने, पौष्टिक आहार लेने, नियमित व्यायाम करने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि वर्ष 2047 तक देश का कोई भी बच्चा सिकल सेल से प्रभावित न रहे। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही हैं तथा देशभर में 7 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास” के माध्यम से सिकल सेल उन्मूलन का आह्वान किया।
राज्यपाल श्री पटेल ने टीबी मरीजों को भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित उपचार लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदायों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बैगा, सहरिया और भारिया जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से जनजातीय ग्रामों में अधोसंरचना विकास और मूलभूत सुविधाओं के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनजातीय तहसीलों की आवश्यकताओं का मानचित्र तैयार कर योजनाओं के माध्यम से कमियों की पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत बैतूल जिले में लगभग 80 हजार आवास निर्मित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब वे प्रधानमंत्री आवासों में जाते हैं तो हितग्राही भावुक होकर बताते हैं कि पहले वे कच्चे मकानों और झोपड़ियों में रहते थे, लेकिन अब उनका पक्के घर का सपना पूरा हुआ है।
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए जिले में 32 हजार 677 महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाया गया है। मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 1 लाख 28 हजार 314 बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है तथा लगभग 32.29 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। वहीं मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 2 लाख 68 हजार 801 महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।
उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों, विशेषकर बेटियों को अच्छी शिक्षा देने का आग्रह करते हुए कहा कि शिक्षा ही प्रगति और सफलता का सबसे बड़ा माध्यम है। प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक बेटियों को समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने अपने दैनिक भोजन में मिलेट्स के उपयोग को भी स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया।
सिकल सेल उन्मूलन अभियान जनआंदोलन बने : केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया “सिकल सेल मिशन-2047” देश को सिकल सेल मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि भीमपुर में सिकल सेल जांच मशीन का लोकार्पण जनजातीय एवं वंचित समुदायों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि सिकल सेल उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजागरूकता और जनभागीदारी का अभियान है। गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाकर आने वाली पीढ़ियों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित किया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री श्री उईके ने कहा कि बैतूल जिले में व्यापक स्तर पर सिकल सेल स्क्रीनिंग कर मरीजों एवं कैरियर की पहचान की गई है, जिससे समय पर उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में चल रहे सिकल सेल जागरूकता एवं उन्मूलन अभियान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा महिलाओं और बेटियों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
विधायक भैंसदेही श्री महेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि आज बहुत हर्ष का विषय है कि राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल आज हमारे बीच उपस्थित हैं। उन्होंने भीमपुर में सिकल सेल एवं थैलीसीमिया जांच के लिए मशीन के उद्घाटन के लिए राज्यपाल श्री पटेल का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे ने किया।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ, किया संवाद
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने भीमपुर में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित कर उनसे संवाद किया। कार्यक्रम में राज्यपाल श्री पटेल ने लवकेश मोरसे निवासी खुर्दा ग्राम पंचायत बटकी तथा उषा ढिकारे निवासी ग्राम दामजीपुरा, तहसील भीमपुर को सिकल मित्र प्रमाण पत्र प्रदान किए। वहीं रेखा उईके निवासी ग्राम बटकी को यूडीआईडी कार्ड तथा ऋषि झरबड़े निवासी बैतूल को जेनेटिक कार्ड वितरित किया गया। राज्यपाल श्री पटेल ने ग्राम पंचायत डुलारिया निवासी टीबी मरीज दिव्या उईके को फूड बास्केट प्रदान कर बेहतर स्वास्थ्य और नियमित उपचार के लिए प्रेरित किया। महिला स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन देते हुए मां गंगा आजीविका स्वयं सहायता समूह, ग्राम भीमपुर की अध्यक्ष श्रीमती रूखमा नर्रे एवं सचिव श्रीमती सरिता नर्रे को 6 लाख रुपये की सीसीएल राशि का चेक वितरित किया गया।
इस अवसर पर शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। सीबीएसई कक्षा 12वीं में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर सेजल उईके को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। वहीं राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शिवानी उईके तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कराते में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कल्याणी कोड़पे को भी सम्मानित किया गया।
“मिशन रानी” अभियान का किया शुभारंभ
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कार्यक्रम में बैतूल जिले में महिलाओं, किशोरी बालिकाओं एवं गर्भवती माताओं में एनीमिया नियंत्रण के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए “मिशन रानी” अभियान का शुभारंभ किया। नोडल अधिकारी सिकलसेल उन्मूलन डॉ अंकिता सीते ने बताया कि “मिशन रानी” अर्थात “एनीमिया तथा पोषण एवं गैर-पोषण संबंधी समस्याओं में समग्र कमी लाने का अभियान” के माध्यम से एनीमिया के कारणों की पहचान कर समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान के अंतर्गत केवल आयरन की गोलियों के वितरण तक सीमित न रहकर, एनीमिया के अन्य कारणों जैसे विटामिन बी-12 की कमी, सिकल सेल रोग एवं थैलेसीमिया की जांच और उपचार भी सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम में बताया गया कि अभियान के तहत हीमोग्लोबिन जांच, संपूर्ण रक्त जांच, सीरम फेरिटिन, विटामिन बी-12 एवं विशेष रक्त परीक्षण किए जाएंगे। गंभीर मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला चिकित्सालय में उपचार हेतु भेजा जाएगा। अभियान में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जनजातीय कार्य विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। अभियान का उद्देश्य एनीमिया में कमी लाना, रक्त में हीमोग्लोबिन स्तर में सुधार करना तथा सिकल सेल एवं थैलेसीमिया जैसी बीमारियों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित करना है।
प्रमुख झलकियां
1/ सिकल सेल एनीमिया अभियान पर केन्द्रित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया।
2/ कार्यक्रम का शुभारंभ और समापन पर राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआं
3/ केंद्रीय मंत्री जनजातीय मामले और विधायक भैंसदेही ने राज्यपाल श्री पटेल को भरेवा आर्ट से बनी कलाकृति भेंट की।
4/ आषाढी दल के कलाकारों द्वारा जनजातीय नृत्य से राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल का स्वागत किया गया।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

